सामाजिक संस्था राष्ट्र चेतना मिशन और शिव शक्ति मंदिर सीकरी के संयुक्त तत्वावधान में निर्धन कन्या विवाह का आयोजन किया गया। इसमें ग्राम भैंसरोली और बक्सरा निवासी दो अभावग्रस्त परिवारों की बेटियों का विवाह संपन्न कराया गया। शिव शक्ति मंदिर समिति के अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह एडवोकेट ने बताया कि इस बार अगौता क्षेत्र के ग्राम भैंसरोली और अनूपशहर क्षेत्र के ग्राम बक्सरा के आर्थिक रूप से कमजोर दो परिवारों की बेटियों को गोद लेकर उनका विवाह समारोह धूमधाम से आयोजित किया गया। राष्ट्र चेतना मिशन के अध्यक्ष हेमंत सिंह ने जानकारी दी कि संस्था सीकरी के शिव शक्ति मंदिर में ऐसे कार्यक्रम आयोजित करती है। इसका उद्देश्य बेहद निर्धन, अनाथ या अभावग्रस्त परिवारों की कन्याओं का घर बसाने में सहयोग करना है। विवाह समारोह में प्रीतिभोज, वस्त्र, आभूषण, टेंट और बारात सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की गईं। नवविवाहित जोड़ों के गृहस्थ जीवन के संचालन के लिए समान मात्रा में फर्नीचर और इलेक्ट्रॉनिक्स का सामान भी भेंट किया गया। इसमें कुर्सी, मेज, डबल बेड, गद्दे, कंबल, बिस्तर, अलमारी, ड्रेसिंग टेबल, एलईडी टीवी, फ्रिज, कूलर, वॉशिंग मशीन, सिलाई मशीन, पंखा, मिक्सी, प्रेस और घड़ी शामिल थे। इसके अतिरिक्त, 51 बर्तन, 101 साड़ियां, मेकअप किट, दूल्हा-दुल्हन व परिवार के कपड़े, मंदिर, बड़ी संख्या में गिफ्ट पैक और कन्यादान में नकद राशि भी उपहारस्वरूप प्रदान की गई। संस्था के पदाधिकारियों ने भारत माता का चित्र भेंट कर सुखद गृहस्थ जीवन की शुभकामनाएं दीं। महाशिवरात्रि की संध्या को हुए इस आयोजन में राष्ट्र चेतना मिशन के अध्यक्ष हेमंत सिंह, महासचिव मयूर अग्रवाल और शिव शक्ति मंदिर समिति के अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह एडवोकेट सहित नरेंद्र सिंह, ललिता देवी, जेपी शर्मा, पारुल अग्रवाल, कौशल कुमारी, डॉ. भूपेंद्र कुमार, डॉ. थान सिंह, सुशील आर्य, अनुज अग्रवाल, प्रवीण कुमार, आदेश कुमार, सुनील कुमार, नरेंद्र शर्मा, कृष्णपाल सिंह, नीरज गहलोत, अशोक गहलोत एडवोकेट, रामअवतार लोधी, चाहत राजपूत, शुभित अग्रवाल, देव शर्मा, तुषार गुप्ता, आदेश कुमार और सुखेंद्र पाल सिंह सहित कई अन्य लोग उपस्थित रहे।