भदोही में सड़क हादसे में हाईकोर्ट अधिवक्ता की मौत:प्रयागराज लौटते समय टोल प्लाजा पर बाइक सवार ने मारी टक्कर
2026-02-17 10:38:15 | Views: 0
भदोही के गोपीगंज में वाराणसी-प्रयागराज मार्ग पर सड़क हादसे में हाईकोर्ट अधिवक्ता प्रभात मिश्रा की मौत हो गई। हादसा लालानगर टोल प्लाजा के पास उस समय हुआ, जब वे वाराणसी से अपने घर लौट रहे थे। सोमवार की सुबह प्रयागराज के जुड़ापुर, दादूपुर, सोरांव निवासी प्रभात मिश्रा पुत्र प्रेम नारायण न्यायिक कार्य से अपनी ब्रेजा कार से वाराणसी गए थे। काम समाप्त कर वे अपने तीन अधिवक्ता साथियों के साथ वापस प्रयागराज लौट रहे थे। जानकारी के अनुसार, लालानगर टोल प्लाजा पर टोल कटवाने के दौरान उनकी कार लाइन में खड़ी थी। इसी बीच प्रभात मिश्रा बाथरूम जाने के लिए कार से नीचे उतरे। तभी तेज रफ्तार बाइक सवार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में वे गंभीर रूप से घायल हो गए। साथियों ने उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मंगलवार शाम को प्रयागराज के रसूलाबाद में अंतिम संस्कार किया जाएगा। कोतवाल शैलेश राय ने बताया कि दुर्घटना में शामिल बाइक और उसके चालक को हिरासत में ले लिया गया है। मामले की जांच जारी है। वहीं प्रभात मिश्रा हाल ही में बार काउंसिल ऑफ उत्तर प्रदेश के चुनाव में सदस्य पद के प्रत्याशी भी थे। उनके परिवार में पत्नी और एक पुत्र हैं।