उत्तर मध्य रेलवे ने होली त्योहार के मद्देनजर यात्रियों की सुविधा के लिए मालदा टाउन और उधना के बीच विशेष ट्रेनें चलाने का निर्णय लिया है। ये ट्रेनें फरवरी और मार्च 2026 में चुनिंदा तिथियों पर चलेंगी। रेलवे प्रशासन के अनुसार, दोनों दिशाओं में चार-चार फेरे लगाए जाएंगे। ट्रेन संख्या 03417 मालदा टाउन–उधना विशेष प्रत्येक शनिवार को 28 फरवरी, 7, 14 और 21 मार्च 2026 को संचालित होगी। इसी तरह, ट्रेन संख्या 03418 उधना–मालदा टाउन विशेष प्रत्येक सोमवार को 2, 9, 16 और 23 मार्च 2026 को चलेगी। यह विशेष ट्रेन पूर्व से पश्चिम तक कई महत्वपूर्ण स्टेशनों पर रुकेगी। इनमें न्यू फरक्का, बरहरवा, साहिबगंज, भागलपुर, जमालपुर, अभयपुर, किऊल, गया, सासाराम, पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन, प्रयागराज छिवकी, मानिकपुर, सतना, कटनी, मदन महल, पिपरिया, इटारसी, भुसावल, अमलनेर, नंदुरबार, नवापुर, व्यारा और उधना शामिल हैं। प्रयागराज क्षेत्र के यात्रियों को इस ट्रेन से विशेष राहत मिलेगी, क्योंकि यह प्रयागराज छिवकी और मानिकपुर होकर गुजरेगी। इससे गुजरात और पश्चिम भारत की ओर जाने वाले यात्रियों को सीधी कनेक्टिविटी प्राप्त होगी। रेलवे के अनुसार, इन विशेष ट्रेनों में सेकंड एसी, थर्ड एसी, स्लीपर और जनरल श्रेणी के कोच लगाए जाएंगे। इससे लंबी दूरी की यात्रा करने वाले यात्रियों को विभिन्न श्रेणियों में सीटें उपलब्ध हो सकेंगी। रेलवे अधिकारियों ने बताया कि आगामी त्योहारों और स्टेशनों पर बढ़ती भीड़ को देखते हुए यह विशेष ट्रेन चलाई जा रही है। यात्रियों से अनुरोध है कि वे यात्रा से पहले समय और तिथियों की पुष्टि कर लें। इस विशेष सेवा से बिहार, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश होते हुए गुजरात जाने वाले यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा, जिससे उनकी लंबी दूरी की यात्रा अधिक सुगम हो सकेगी।