मुजफ्फरनगर में दौड़ाकर युवक पर फायरिंग, सीसीटीवी में कैद:बाइक सवारों ने हमला कर मौके से फरार, केस दर्ज
2026-02-17 10:23:16 | Views: 0
मुजफ्फरनगर के बुढाना कोतवाली क्षेत्र में सोमवार को एक युवक पर फायरिंग का मामला सामने आया है। बाजार से घर लौट रहे युवक पर बाइक सवार दो युवकों ने टक्कर मारकर गोली चला दी। पूरी वारदात पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। घटना मदवाड़ा रोड की है। दानिश नामक युवक दवाई लेकर अपनी बाइक से घर लौट रहा था। आरोप है कि इसी दौरान बाइक सवार दो युवकों ने उसकी बाइक में टक्कर मारकर उसे गिरा दिया। इसके बाद तमंचे से फायरिंग करते हुए उसका पीछा किया। दानिश ने पास के एक मकान में घुसकर अपनी जान बचाई, जबकि हमलावर मौके से फरार हो गए। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। पहले से चल रहा था विवाद पीड़ित दानिश का आरोप है कि हमलावरों से पहले भी विवाद हो चुका है और उसके परिवार की ओर से मुकदमा दर्ज कराया गया था। उसी रंजिश में दबाव बनाने के लिए यह हमला किया गया। दानिश के अनुसार, मैं मेडिकल स्टोर से दवाई लेकर आ रहा था। स्कूल के पास मुझे रोका गया। आमिर पुत्र लियाकत और समद पुत्र समीर ने तमंचे से फायरिंग की। ये खुद को गैंगस्टर बताते हैं। पहले भी हमारे घर पर हमला कर चुके हैं। मैं चाहता हूं कि पुलिस सख्त कार्रवाई करे। पीड़ित की तहरीर पर आमिर और समद के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने बताया, “वीडियो के आधार पर मामला संज्ञान में आया है। मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की पहचान हो चुकी है। दोनों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है और जल्द ही सख्त कार्रवाई की जाएगी।” पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।