करनाल में पुलिस की CIA-2 टीम ने नशीली गोलियों की सप्लाई करने वाले दूसरे आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच कर रही है कि आरोपी नशे की गोलियां किन जगहों और किन-किन लोगों को सप्लाई करते थे। आरोपी की पहचान यूपी के शामली जिला के गांव तमूरशाह निवासी मोहम्मद सरफरजा के रूप में हुई है। पुलिस ने सूचना के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार किया है। एक आरोपी पहले ही पकड़ा जांच अधिकारी नरेश कुमार ने बताया कि इस मामले में पहले गांव सौकड़ा के आरोपी अमर को तरावड़ी से काबू किया गया था। उसके कब्जे से 1065 नशीली गोलियां और एक बाइक बरामद की गई थी। आरोपी के खिलाफ थाना तरावड़ी में एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया था। उसे कोर्ट में पेश किया गया, जहां से तीन दिन का पुलिस रिमांड मंजूर हुआ। रिमांड के दौरान उगला साथी का नाम पुलिस रिमांड के दौरान की गई पूछताछ में पहले आरोपी ने खुलासा किया कि वह यह नशीली गोलियां अपने साथी मोहम्मद सरफराज से खरीदकर लाया था। जिस पर टीम ने कार्रवाई करते हुए दूसरे आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया। नशा तस्करी नेटवर्क की जांच जारी पुलिस का कहना है कि इस नशे के कारोबार में शामिल अन्य आरोपियों की भूमिका की गहनता से जांच की जा रही है। पुलिस अन्य लिंक खंगाल रही है ताकि पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जा सके।