संभल में एक सड़क हादसे में 60 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई। वह अपने बेटे को ईंट भट्टे पर खाना देने जा रहे थे, तभी एक अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। यह घटना मंगलवार सुबह करीब 9 बजे संभल के हयात नगर थाना क्षेत्र में बहजोई रोड स्थित मुजफ्फरपुर गांव में पुलिया के पास हुई। मृतक की पहचान लहरा कमंगर गांव निवासी 60 वर्षीय पूरन सिंह पुत्र रामस्वरूप के रूप में हुई है। पूरन सिंह पैदल अपने बेटे हुकम सिंह को ईंट भट्टे पर खाना देने जा रहे थे। पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची। पूरन सिंह के बेटे हुकम सिंह, जो ईंट भट्टे पर मजदूरी करते हैं, अपने पिता को अपनी आँखों के सामने हादसे का शिकार होते देख स्तब्ध रह गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी उमेश कुमार सोलंकी ने बताया कि परिजनों की ओर से अभी तक कोई शिकायत नहीं मिली है। पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश के लिए सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।