BJP प्रदेश उपाध्यक्ष पंकज सिंह कानपुर पंहुचे:बोले- अखिलेश 2027 की हार से पहले मुंह छुपाने का अभ्यास कर रहे, बजट पर संवाद किया
2026-02-17 11:05:24 | Views: 0
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष पंकज सिंह मंगलवार को कानपुर में आयोजित युवा संवाद कार्यक्रम में शामिल हुए। बीजीपी युवी मोर्चा कानपुर बुन्देलखण्ड द्वारा शहर के एस एन सेन डिग्री कालेज में उन्होंने संबोधन करते हुये केंद्र और उत्तर प्रदेश सरकार के बजट में शिक्षा और युवाओं के लिए किए गए प्रावधानों के बारे छात्राओं और कार्यकर्ताओं को बताया।
ऑपरेशन सिंदूर पर कही यह बात
पंकज सिंह ने ऑपरेशन सिंदूर का उल्लेख करते हुए कहा कि आज भारत की पहचान दुनिया में झुकने वालों की नहीं, बल्कि सिर उठाकर जवाब देने वाले देश के रूप में बन चुकी है। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान को जिस तरह ऑपरेशन सिंदूर के जरिए जवाब दिया गया। उससे देश की शक्ति और संकल्प का संदेश पूरी दुनिया तक पहुंचा है। साथ ही उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने महिलाओं को सम्मान और सुरक्षा देने का काम किया है।
फार्म-7 और एसआईआर पर विपक्ष पर निशाना
उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव फार्म-7 का विरोध इसलिए कर रहे हैं क्योंकि 2027 में संभावित पराजय के बाद मुंह छिपाने का अभ्यास अभी से कर रहे हैं। पंकज सिंह ने आरोप लगाया कि विपक्ष हमेशा लोकतांत्रिक और संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठाने का काम करता है। उन्होंने कहा कि जब विपक्ष चुनाव जीतता है तो ईवीएम पर सवाल नहीं उठाता, लेकिन हारने के बाद चुनाव आयोग और ईवीएम को कटघरे में खड़ा करता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि एसआईआर (विशेष पुनरीक्षण अभियान) पहले भी कई बार हुआ है और इस बार भी उसी प्रक्रिया के तहत किया जा रहा है।
बजट में युवाओं के लिए प्रावधान
बजट पर बोलते हुए पंकज सिंह ने कहा कि सरकार ने सभी क्षेत्रों के लिए प्रावधान किए हैं। युवाओं को स्किलफुल बनाने, रोजगार के अवसर बढ़ाने, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), इंफ्रास्ट्रक्चर और गांवों के विकास तक हर क्षेत्र को बजट में प्राथमिकता दी गई है।
संगठन में बदलाव पर दिया जवाब
संगठन में संभावित बदलाव के सवाल पर उन्होंने कहा कि यह निर्णय प्रदेश अध्यक्ष और पार्टी नेतृत्व द्वारा लिया जाएगा कि आगे कैसे और क्या बदलाव किए जाएंगे।