बलिया में किन्नर रेखा लापता, खेत में मिला मोबाइल:पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर जांच में जुटी
2026-02-17 17:56:34 | Views: 0
बलिया के बैरिया थाना क्षेत्र से एक किन्नर के लापता होने का मामला सामने आया है। रानीगंज-देवकी छपरा मार्ग पर किराए के मकान में रह रही किन्नर रेखा मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे से अचानक लापता हो गईं। उनके साथ रहने वाले सहयोगियों ने पहले आसपास काफी तलाश की, लेकिन रेखा का कोई सुराग नहीं मिला। शाम करीब 5 बजे तक खोजबीन करने के बाद उनके साथी किन्नर काजल, रीना और सोना बैरिया थाने पहुंचे। उन्होंने थाने में रेखा की गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई। इसी बीच, रेखा का मोबाइल फोन रानीगंज बाजार के पुरा फाटक के पास एक खेत में पड़ा हुआ मिला। पुलिस ने मोबाइल फोन बरामद कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है। इस घटना से क्षेत्र में चर्चा का माहौल है और परिजन व साथी चिंतित हैं। सोना किन्नर ने बताया कि वे लोग बधाई गाने गए थे। सुबह 11:30 बजे रेखा की उनके दादा गुरु से बात हुई थी। दोपहर 1 बजे के बाद रेखा का मोबाइल फोन स्विच ऑफ हो गया। काफी खोजबीन के बाद भी जब कोई जानकारी नहीं मिली, तो उन्होंने पुलिस को सूचित किया। प्रभारी निरीक्षक बैरिया राजेंद्र प्रसाद सिंह ने बताया कि गुमशुदगी दर्ज कर ली गई है और आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।