देवरिया में पुलिस की कार्यप्रणाली एक बार फिर सवालों के घेरे में है। रामपुर कारखाना थाना क्षेत्र में भूमि विवाद की जांच के दौरान एक दरोगा द्वारा युवक का कॉलर पकड़कर खींचने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। मामले में विभागीय जांच शुरू कर दी गई है। मुख्यमंत्री पोर्टल पर हुई थी शिकायत जानकारी के अनुसार, डिघवा पौटवा गांव में दो पक्षों के बीच भूमि विवाद चल रहा है। इस संबंध में अब्दुल मन्नान सिद्दीकी ने 14 फरवरी को मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई थी। 16 फरवरी को उन्होंने पुलिस अधीक्षक से भी कार्रवाई की मांग की थी। मंगलवार शाम शिकायत की जांच के लिए दरोगा मौके पर पहुंचे। उस समय बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे। इसी दौरान दरोगा और एक युवक के बीच कहासुनी हो गई। आरोप है कि दरोगा ने युवक को धक्का दिया और उसका कॉलर पकड़कर खींच लिया। ग्रामीणों ने किया विरोध दरोगा के व्यवहार का मौके पर मौजूद लोगों ने विरोध किया, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया। इसी बीच किसी ग्रामीण ने पूरी घटना का वीडियो बना लिया, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में दरोगा और ग्रामीणों के बीच धक्का-मुक्की भी दिखाई दे रही है। बाद में अन्य लोगों के हस्तक्षेप से स्थिति सामान्य कराई गई। 4 दिन पहले भी आया था ऐसा मामला गौरतलब है कि चार दिन पहले भी जिले में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान वीडियो बना रहे एक युवक को थानाध्यक्ष द्वारा थप्पड़ मारने का मामला सामने आया था। उस प्रकरण की जांच अभी जारी है। लगातार दूसरी बार ऐसे वीडियो सामने आने से विभाग की कार्यशैली पर सवाल उठ रहे हैं। घटना की सूचना पर थानाध्यक्ष देवेंद्र कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है। रिपोर्ट के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि दोषी पाए जाने पर संबंधित कर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।।