चंदौसी थाने पर संदिग्ध मौत पर परिजनों का हंगामा:पोस्टमार्टम में कारण स्पष्ट नहीं, पत्नी ने हत्या का लगाया आरोप
2026-02-17 17:45:05 |
Views: 0
संभल में एक ऑनलाइन डिलीवरी कंपनी के टीम लीडर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के मामले में परिजनों ने चंदौसी कोतवाली पर हंगामा किया। परिजनों ने इसे हत्या बताते हुए कार्रवाई की मांग की है। मृतक की पहचान 30 वर्षीय मोनू ठाकुर पुत्र धीरज सिंह, निवासी मोहल्ला गुलडेहरा रोड, चंदौसी के रूप में हुई है। मृतक के बड़े भाई सोनू सिंह ने 15 फरवरी को चंदौसी कोतवाली में तीन लोगों के खिलाफ हत्या की शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने सत्येंद्र (निवासी अमियापुर पचाक), देशराज (निवासी गुमथल, बनियाठेर) और कौशल (निवासी बिलारी, मुरादाबाद) पर पुरानी रंजिश के चलते मोनू को जहर देने और हत्या का आरोप लगाया है। थाना प्रभारी अनुज तोमर ने मंगलवार को बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है, इसलिए विसरा सुरक्षित रखा गया है। उन्होंने कहा कि मृतक की पत्नी और अन्य परिजनों को जांच में साक्ष्य मिलने पर कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है। मोनू ठाकुर 13 फरवरी को सुबह अपनी ड्यूटी पर गए थे। दोपहर 1:30 बजे उनकी पत्नी आरती से फोन पर सामान्य बातचीत हुई थी। रात करीब 9 बजे कंपनी के एक कर्मचारी ने आरती को फोन कर बताया कि मोनू को दौरा पड़ा है और वह ऑफिस के बाहर अचेत अवस्था में पड़े हैं। परिजन जब तक निजी अस्पताल पहुंचे, तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। 14 फरवरी को युवक का पोस्टमार्टम कराया गया और शनिवार देर शाम गमगीन माहौल में उनका अंतिम संस्कार कर दिया गया। मृतक युवक की पत्नी आरती ने कहा कि एक आरोपी को पुलिस ने अंदर बैठा रखा है। मेरे पति सुबह घर से ठीक गए थे और अचानक से फोन आया कि वह दौड़ा पढ़ने से गिर गए हैं जब हम अस्पताल पहुंचे तो उनकी मौत हो चुकी थी उनके शरीर में कुछ नहीं था। हमारे द्वारा एफआईआर दी गई है लेकिन पुलिस स्वीकार नहीं कर रही है। करणी सेना के जिलाध्यक्ष ने कहा कि हम पीड़ित परिवार के साथ हैं पुलिस प्रशासन से हमारी यही मांग है कि इन्हें न्याय मिलना चाहिए।