उत्तर प्रदेश में 27 फरवरी को रिलीज होने वाली फिल्म 'यादव-जी की लव स्टोरी' को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया है। समाजवादी पार्टी ने फिल्म का कड़ा विरोध किया है। संभल की गुन्नौर विधानसभा सीट से सपा विधायक रामखिलाड़ी यादव ने फिल्म पर तत्काल रोक लगाने की मांग की है। विधायक रामखिलाड़ी यादव ने मंगलवार शाम 4 बजे संभल के जिला कलेक्ट्रेट बहजोई पहुंचकर बयान दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि 'घूसखोर पंडित' के बाद अब 'यादव-जी की लव स्टोरी' के जरिए नया विवाद खड़ा किया जा रहा है। उनका कहना है कि यह फिल्म देश में अराजकता और जातीय संघर्ष का माहौल पैदा कर सकती है। विधायक रामखिलाड़ी यादव ने फिल्म के निर्माता और कलाकारों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की है। उन्होंने स्पष्ट किया कि फिल्म को रिलीज नहीं होने दिया जाएगा। लव-जिहाद के एंगल पर पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि फिल्म का असली मकसद जातीय वैमनस्य फैलाना है। उन्होंने भारतीय जनता पार्टी पर षड्यंत्र रचने का आरोप लगाया। रामखिलाड़ी यादव ने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव का हवाला देते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी किसी एक जाति या धर्म की नहीं, बल्कि सभी वर्गों की पार्टी है। उन्होंने यह भी जोड़ा कि पार्टी संविधान निर्माता भीमराव अंबेडकर के बताए रास्ते पर चलते हुए समाज को जोड़ने की राजनीति करती है। अब सबकी निगाहें 25 फरवरी को सुप्रीम कोर्ट में 'यादव-जी की लव स्टोरी' फिल्म पर प्रतिबंध लगाने की मांग वाली याचिका पर होने वाली सुनवाई पर टिकी हैं। यादव समुदाय के लोगों ने फिल्म रिलीज होने पर सिनेमाघरों में इसे न चलने देने की चेतावनी दी है। संभल के थाना धनारी में इस संबंध में एक एफआईआर भी दर्ज हो चुकी है।
Readers Comments