झांसी में 12 साल की बेटी के सामने उसके पिता की चाकू घोंपकर हत्या कर दी गई। वह बेटी को लेकर घर के पास खड़े थे। तभी पड़ोसी दुकानदार और ग्राहक के बीच झगड़ा हो गया। वजह सिर्फ इतनी थी कि ग्राहक सिलेंडर में 80 रुपए की गैस भरवाने आया था, जबकि दुकानदार ने 110 रुपए की गैस भर दी। 30 रुपए और मांगने पर दोनों के बीच झगड़ा हो गया। ग्राहक और उसके साथियों ने क्रिकेट बैट और डंडे से दुकानदार व उसके परिवार को बुरी तरह पीटा। इसी दौरान देखने आए पड़ोसी विनोद साहू (42) के पेट में चाकू घोंप दिया। घायल को मेडिकल कॉलेज लाया गया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मारपीट में दुकानदार समेत 4 लोग घायल हैं। पुलिस ने एक संदिग्ध हमलावर को अरेस्ट किया है। ये पूरी घटना बुधवार रात को बरुआसागर कस्बे के इंदीवर नगर की है। अब पूरा मामला विस्तार से पढ़िए चाकू उठाकर लाया और घोंप दिया बरुआसागर के इंदीवर नगर निवासी पवन कुमार राय ने बताया- मेरी घर में गैस चूल्हे और किराना की दुकान है। रोजाना की तरह बुधवार रात को दुकान पर बैठा था। तभी मोहल्ले के ईशू वंशकार, कृष्णा वंशकार समेत 3 युवक आए। बोले कि परिवार में शादी है और छोटे सिलेंडर में 80 रुपए की गैस भर दो। गैस भरते समय सिलेंडर में 110 रुपए की गैस भर गई। जब 30 रुपए और मांगे तो तीनों झगड़ा कर गाली देने लगे। बोले कि ज्यादा गैस कैसे भर दी। अब कोई पैसा नहीं मिलेगा। इस पर विवाद हो गया। शोर सुनकर मेरे पिता बालकृष्ण आ गए। तब तीनों ने पिता को धक्का दे दिया। तब मेरा भाई रविंद्र राय आ गया। तब आरोपियों ने क्रिकेट बैट और डंडे से मारपीट कर दी। इस दौरान एक आरोपी भागकर शराब ठेके की तरफ गया और अपने 3 से 4 साथियों को बुलाकर ले आया। सबने मिलकर मुझे, मेरे पिता, भाई, भतीजे अंशु राय, अभिनव राय को बुरी तरह पीट दिया। पड़ोसी को चाकू घोप दिया झगड़े के दौरान मोहल्ले के लोग भी एकत्र हो गए। कहने लगे कि जब 30 रुपए की गैस ज्यादा डल गई तो पैसे दे दो। झगड़ा क्यों कर रहे हो। इस दौरान पड़ोस में रहने वाले विनोद साहू (42) पुत्र नाथूनाम साहू अपनी 12 साल की बेटी को लेकर घर के बाहर खड़े थे। वे पूछने लगे कि क्या हो गया? तभी एक आरोपी कृष्णा ने चाकू से मेरे ऊपर हमला कर दिया। चाकू मुझे न लगकर विनोद के पेट में घुस गया। इस पर वो गिर गए। यह देखकर आरोपी मौके से भाग गए। मोहल्ले के लोग घायल विनोद को बरुआसागर थाने ले गए। वहां से झांसी मेडिकल कॉलेज ला रहे थे। रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। मेडिकल कॉलेज पहुंचने पर डॉक्टरों ने उनको मृत घोषित कर दिया। छोटे-छोटे दो बच्चे हैं विनोद साहू की हत्या के बाद घर में मातम छाया है। विनोद की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं है। वो मजदूरी करके अपने परिवार का भरण पोषण करते थे। विनोद की 12 साल की एक बेटी और 8 साल का एक बेटा है। पति की मौत की खबर सुनकर पत्नी विनीता बेहोश हो गई। घटना की सूचना मिलने पर एसपी सिटी प्रीति सिंह मेडिकल कॉलेज पहुंच गई और परिजनों से पूरे मामले की जानकारी ली। एक संदिग्ध आरोपी को हिरासत में लिया एसपी सिटी प्रीति सिंह ने बताया कि पैसों के विवाद में कृष्ण बरार व उसके साथियों ने विनोद साहू के साथ मारपीट कर दी। इस दौरान कृष्ण बरार ने विनोद के ऊपर चाकू से वार कर दिया। इससे वह गंभीर घायल हो गए। उनको उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज लाया गया। जहां पर विनोद साहू ने दम तोड़ दिया। परिजनों की तहरीर पर केस दर्ज किया जा रहा है। घटना से संबंधित एक संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में लिया गया है।