औरैया में 12 वर्षीय बालक ने की आत्महत्या:पुलिस आत्महत्या के कारणों की जांच कर रही है
2026-02-17 04:33:10 | 0 Views
औरैया के भाऊपुर गांव में सोमवार रात एक 12 वर्षीय बालक ने कथित तौर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। परिजन उसे तत्काल जिला संयुक्त चिकित्सालय औरैया लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। भाऊपुर निवासी अंश (12) पुत्र अखिलेश को उसके चाचा अभिषेक देर शाम अस्पताल लेकर पहुंचे थे। परिजनों के अनुसार, बालक ने घर के अंदर फांसी लगा ली थी। इमरजेंसी वार्ड में तैनात डॉक्टरों ने बताया कि बालक को मृत अवस्था में ही लाया गया था। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और अस्पताल परिसर में चीख-पुकार सुनाई देने लगी। घटना से गांव में शोक का माहौल है। अस्पताल प्रशासन ने मामले की लिखित सूचना कोतवाली पुलिस को दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में आत्महत्या के कारण स्पष्ट नहीं हो सके हैं। पुलिस परिजनों व ग्रामीणों से पूछताछ कर मामले की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।