कानपुर में बार एसोसिएशन के चुनाव को लेकर यातायात पुलिस ने शहर में विशेष रूट डायवर्जन लागू किया है। यह व्यवस्था मंगलवार सुबह 8 बजे (मतदान शुरू होने से दो घंटे पहले) से शाम 6 बजे तक प्रभावी रहेगी। इस दौरान कई प्रमुख मार्गों पर वाहनों का संचालन प्रतिबंधित रहेगा और वैकल्पिक रास्तों से आवागमन कराया जाएगा। इन मार्गों पर रहेगा बदलाव 1. टैफ्को तिराहा/मर्चेंट चैंबर से आने वाले वाहन ग्रीनपार्क चौराहे से वीआईपी रोड होते हुए डीएवी तिराहा की ओर नहीं जा सकेंगे। वैकल्पिक मार्ग ग्रीनपार्क चौराहे से बाएं मुड़कर पुष्पेंद्र चौक (यूनियन बैंक तिराहा), वहां से दाएं मुड़कर ग्रीनपार्क स्टेडियम के पीछे वाले मार्ग से डीएवी तिराहा होते हुए वीआईपी रोड जा सकेंगे। डीएवी तिराहा से मधुवन तिराहा की ओर जाना प्रतिबंधित रहेगा। 2. सिलबर्टन तिराहा से आने वाले वाहन एमजी कॉलेज चौराहे से मधुवन तिराहा की ओर नहीं जा सकेंगे। वैकल्पिक मार्ग एमजी कॉलेज से बाएं मुड़कर ग्रीनपार्क चौराहा, फिर पुष्पेंद्र चौक (यूनियन बैंक तिराहा) से दाएं मुड़कर अपने गंतव्य तक जा सकेंगे। 3. फूलबाग चौराहे की ओर से आने वाले वाहन मेघदूत तिराहा से वीआईपी रोड और सरसैया घाट की ओर नहीं जा सकेंगे। वैकल्पिक मार्ग मेघदूत तिराहा से बड़ा चौराहा, फिर परेड चौराहे से बाएं मूलगंज, सीधे चुन्नीगंज या दाएं ग्रीनपार्क व एमजी कॉलेज होते हुए आगे जा सकेंगे। 4. बड़ा चौराहा से आगे जाने वाले वाहन चेतना चौराहा, सरसैया घाट और वीआईपी रोड की ओर नहीं जा सकेंगे। वैकल्पिक मार्ग मेघदूत और परेड चौराहे के रास्ते से अपने गंतव्य तक पहुंच सकेंगे। 5. चेतना चौराहा (अधिवक्ताओं के वाहन) पुलिस ऑफिस से आगे मधुवन तिराहा की ओर नहीं जा सकेंगे। पार्किंग व्यवस्था पुलिस ऑफिस से दाएं मुड़कर तिकोनिया पार्क के पास वाहन खड़े किए जाएंगे। 6. म्योरमिल तिराहा यहां से कोई भी वाहन भार्गव चौराहे की ओर नहीं जा सकेगा। यहां रहेगी पार्किंग व्यवस्था जेएनके इंटर कॉलेज (चेतना चौराहे के पास) गैस गोदाम ग्राउंड (लट्ठा कोठी के पास) नगर निगम इंटर कॉलेज (एमजी कॉलेज चौराहा के पास) मधुवन तिराहा के बगल में डीएवी कॉलेज ग्राउंड मकराबर्टगंज हॉस्पिटल पार्किंग (मर्चेंट चैंबर के सामने) यातायात पुलिस ने लोगों से अपील की है कि डायवर्जन का पालन करें और समय से पहले घर से निकलें, ताकि असुविधा से बचा जा सके।