अमेठी में कल से शुरू हो रही बोर्ड परीक्षाओं के मद्देनजर पुलिस ने कड़ा रुख अपनाया है। पुलिस अधीक्षक (एसपी) सरवणन टी ने सभी थाना प्रभारियों को रात 10 बजे के बाद डीजे बजाने वालों पर सख्त कार्रवाई करने का निर्देश दिया है। यह प्रतिबंध सड़कों, मैरिज लॉन, बैंक्वेट हॉल और होटलों सहित सभी सार्वजनिक व निजी स्थानों पर लागू होगा। निर्धारित समय के बाद तेज ध्वनि में डीजे बजाने वाले संचालकों और कार्यक्रम आयोजकों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। पुलिस के अनुसार, हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षाएं नजदीक हैं। देर रात तक बजने वाले डीजे और तेज ध्वनि के कारण छात्र-छात्राओं की पढ़ाई प्रभावित हो रही थी, खासकर घनी आबादी वाले क्षेत्रों में। कई अभिभावकों ने इस संबंध में प्रशासन से शिकायत की थी। एसपी सरवणन टी ने स्पष्ट किया कि यह कार्रवाई न्यायालय के निर्देशों के अनुपालन में की जा रही है। उन्होंने कहा कि रात 10 बजे के बाद किसी भी समारोह में तेज ध्वनि में डीजे बजता पाए जाने पर उपकरण जब्त कर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जाएगी। पुलिस टीमें रात में गश्त कर निगरानी करेंगी। प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे विवाह और अन्य समारोह निर्धारित समय सीमा के भीतर संपन्न करें और नियमों का पालन करें। इस पहल से छात्रों और अभिभावकों को राहत मिलने की उम्मीद है, जबकि डीजे संचालकों में हलचल देखी जा रही है।