गाजीपुर में लापता युवक का शव पोखरे में मिला:चार दिन पहले घर से खाना बनाने को कहकर निकला था, पुलिस ने पोस्टमॉर्टम को भेजा
2026-02-17 04:15:34 | 0 Views
सादात नगर में टाउन एरिया स्थित एक पोखरे में युवक का शव मिला है। शव पानी में पड़े रहने से काफी फूल गया है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर शिनाख्त करवाया। इसके बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। देखें तीन तस्वीरें… मृतक की पहचान सादात नगर के वार्ड सात निवासी प्रदीप मद्धेशिया उर्फ काकू पुत्र जवाहर मद्धेशिया के रूप में हुई है। जवाहर के छह बेटे हैं। प्रदीप दूसरे नंबर पर थे। वह मेहनत-मजदूरी करके अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। वह 12 फरवरी की शाम करीब साढ़े छह बजे पत्नी लक्ष्मी से खाना बनाने को कहकर घर से निकले थे। वह थोड़ी देर में लौटने की बात कही थी। इसके बाद वह वापस नहीं आए। देर रात तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने तलाश शुरू की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। अगले दिन भी जब प्रदीप का पता नहीं चला तो परिजनों ने अनहोनी की आशंका जताते हुए थाने में गुमशुदगी की तहरीर दी। पुलिस और परिजन संभावित स्थानों व रिश्तेदारों के यहां खोजबीन करते रहे, लेकिन सफलता नहीं मिली। टाउन एरिया पोखरे में मंगलवार सुबह कुछ लोगों ने एक शव उतराया देखा और इसकी सूचना पुलिस को दी। उप निरीक्षक अनिरुद्ध द्विवेदी और सुरेंद्र मिश्रा मौके पर पहुंचे और शव को बाहर निकलवाकर शिनाख्त कराई। घटना की जानकारी मिलते ही मृतक की मां इसरावती देवी, पत्नी लक्ष्मी देवी, पुत्र महादेव, सन्नी, बजरंगी तथा पुत्रियां गौरी और राधा समेत परिवार के अन्य सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है। इलाके में शोक की लहर है। वहीं, थानाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार पाण्डेय ने बताया कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।