जिले में यूपी बोर्ड परीक्षाओं की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। ये परीक्षाएं 18 फरवरी से 12 मार्च तक आयोजित की जाएंगी। इस बार कुल 80 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां 47,750 परीक्षार्थी शामिल होंगे। परीक्षाएं दो पालियों में होंगी। पहली पाली सुबह 8 बजे से 11:15 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक चलेगी। हाईस्कूल में 27,150 और इंटरमीडिएट में 21,185 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं। परीक्षा के लिए कुल 2,651 कक्ष निरीक्षकों की ड्यूटी लगाई गई है, जिनमें 1,287 माध्यमिक और 1,364 बेसिक शिक्षा विभाग के शिक्षक शामिल हैं। पिछले वर्ष की तुलना में इस बार परीक्षार्थियों की संख्या लगभग डेढ़ हजार बढ़ी है, जिसके चलते तीन नए केंद्र भी जोड़े गए हैं। जिला विद्यालय निरीक्षक जयराम सिंह ने बताया कि सभी केंद्रों पर प्रश्न पत्र और आवश्यकतानुसार सादी उत्तर पुस्तिकाएं उपलब्ध करा दी गई हैं। परीक्षाएं सीसीटीवी कैमरों और वॉयस रिकॉर्डर की निगरानी में होंगी। इसके लिए जनपद स्तरीय कंट्रोल रूम और 6 सचल दस्ते (फ्लाइंग स्क्वॉड) बनाए गए हैं, जो पहले दिन से ही अलग-अलग दिशाओं में 6 निर्धारित रूटों पर भ्रमण करेंगे। उन्होंने यह भी बताया कि जनपद में कोई भी संवेदनशील या अति संवेदनशील परीक्षा केंद्र नहीं है। सभी केंद्रों पर सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टेटिक मजिस्ट्रेट और पुलिस बल की व्यवस्था की गई है। पुलिस अधीक्षक द्वारा रात्रि में स्ट्रांग रूम की निगरानी और सुरक्षा के लिए भी पुलिस फोर्स तैनात की गई है। कक्ष निरीक्षकों की ड्यूटी का निर्धारण ऑनलाइन प्रक्रिया के माध्यम से किया गया है। डीआईओएस जयराम सिंह ने बताया कि यूपी बोर्ड परीक्षा को लेकर कक्ष निरीक्षकों के आई कार्ड पर बार कोड और क्रमांक होगा। इसका प्रारूप बोर्ड मुख्यालय से जारी किया गया है।परीक्षा के दौरान ड्यूटी करने वाले शिक्षकों और कर्मचारियों को लगाना जरूरी होगा।