संतकबीरनगर में जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी आलोक कुमार की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्य की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद के तीनों विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में चल रहे पुनरीक्षण कार्य की अद्यतन स्थिति की समीक्षा की गई। समीक्षा के दौरान नो-मैपिंग और तार्किक विसंगतियों (लॉजिकल डिस्क्रेपेंसी) से संबंधित नोटिसों की सुनवाई की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों को अवगत कराया गया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (ईआरओ) एवं अतिरिक्त सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (एईआरओ) द्वारा 21 जनवरी 2026 से नोटिसों की सुनवाई का कार्य प्रारंभ किया गया है। जनपद के तीनों विधानसभा क्षेत्रों में नो-मैपिंग एवं लॉजिकल डिस्क्रेपेंसी डेटा के संबंध में वितरित नोटिसों की सुनवाई की प्रगति 47.10 प्रतिशत दर्ज की गई है। जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों से सुनवाई एवं डेटा अपलोडिंग की प्रगति की जानकारी ली और कार्य में गुणात्मक सुधार लाने के निर्देश दिए। उन्होंने इस कार्य को समयबद्ध बताते हुए कहा कि निर्धारित अवधि के भीतर शत-प्रतिशत सुनवाई सुनिश्चित की जाए। जिलाधिकारी ने सभी सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे पूरी निष्ठा एवं संवेदनशीलता के साथ आवंटित बूथों पर जाकर कार्य संपादित करें तथा समय से डेटा अपलोड करना सुनिश्चित करें। बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) जयप्रकाश सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।