लखनऊ में बुजुर्ग ने पानी समझकर कीटनाशक पिया, मौत:बेटे ने चाचा पर लगाया हत्या का आरोप, डेढ़ महीने पहले हुआ था विवाद
2026-02-17 07:14:07 | 0 Views
लखनऊ के ठाकुरगंज इलाके में पानी समझकर कीटनाशक पी लेने से 56 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। घटना के बाद मृतक के बेटे ने अपने चाचा पर साजिश के तहत पानी में कीटनाशक मिलाने का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। ठाकुरगंज स्थित न्यू कल्याणपुरी निवासी रामसागर शर्मा (56) घर के पास सड़क किनारे बार-बर की गुमटी चलाते थे। बेटे अतुल शर्मा के मुताबिक, सोमवार रात रामसागर घर के निचले हिस्से में पत्नी शिव कुमारी के साथ थे। देर रात वह बीड़ी पीने के लिए कमरे से बाहर निकले। इसके बाद बाथरूम के बाहर रखे गिलास से पहले कुल्ला किया और फिर उसी गिलास का पानी पी लिया। कुछ ही देर में उनकी तबीयत बिगड़ने लगी। मुंह से झाग निकलता देख पत्नी घबरा गईं और तुरंत बेटे अतुल को बुलाया। परिवार वाले आनन-फानन में उन्हें इलाज के लिए ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पोस्टमार्टम हाउस पर बेटे अतुल ने चाचा बसंत लाल शर्मा पर गंभीर आरोप लगाए। उसका कहना है कि खेत में इस्तेमाल होने वाला कीटनाशक पानी में मिलाकर पिता को पिलाया गया। उसने बताया कि घर के बंटवारे के बाद पिता और चाचा के संबंध ठीक नहीं थे। करीब डेढ़ महीने पहले आंगन में पानी के मुद्दे पर दोनों भाइयों में तीखा विवाद भी हुआ था। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।