महोबा के चरखारी थाना क्षेत्र में नाबालिग किशोरियों के साथ कथित अभद्र व्यवहार का मामला सामने आया है। बम्होरी खुर्द गांव में एक दबंग युवक पर दो नाबालिग बहनों को अश्लील गालियां देने और विरोध करने पर उनके बुजुर्ग दादा के साथ मारपीट करने का आरोप लगा है। पुलिस पर कार्रवाई न करने का आरोप लगाते हुए पीड़ित परिवार ने पुलिस अधीक्षक (एसपी) से न्याय की गुहार लगाई है। पीड़ित मां अपनी दोनों बेटियों के साथ एसपी कार्यालय पहुंचीं। उन्होंने बताया कि गांव का एक युवक उनकी बेटियों को देखते ही अशोभनीय टिप्पणियां करता है और भद्दी गालियां देता है। परिवार के अनुसार, जब माता-पिता मजदूरी के लिए बाहर चले जाते हैं, तो आरोपी घर में अकेली मौजूद बच्चियों को निशाना बनाता है। महिला का आरोप है कि युवक अपनी छत पर खड़े होकर किशोरियों को प्रताड़ित करता है, जिससे उनकी पढ़ाई और मानसिक स्थिति पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। मामला तब और गंभीर हो गया जब बच्चियों के बुजुर्ग दादा ने आरोपी को समझाने की कोशिश की। आरोप है कि इस पर युवक ने उनके साथ मारपीट की। परिवार का कहना है कि उन्होंने पहले चरखारी कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन पुलिस की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। इसके बाद परिवार ने आरोपी के कथित वीडियो साक्ष्य के साथ एसपी से शिकायत की है, जिसमें युवक को गाली-गलौज करते हुए दिखाया गया है। वहीं, चरखारी कोतवाली प्रभारी प्रवीण कुमार ने बताया-मामला संज्ञान में है और इसकी जांच की जा रही है। हालांकि, पुलिस इसे आपसी विवाद बता रही है, जबकि पीड़ित परिवार इसे सीधे तौर पर अस्मिता और सुरक्षा का सवाल मान रहा है।