फतेहपुर में यूपी बोर्ड परीक्षा, 66,439 परीक्षार्थी देंगे एग्जाम:117 केंद्रों पर CCTV निगरानी, 18 फरवरी से शुरू होंगी परीक्षाएं
2026-02-17 10:47:06 | Views: 0
फतेहपुर जिले में माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षाएं 18 फरवरी से 12 मार्च तक आयोजित की जाएंगी। कुल 23 दिनों तक चलने वाली इन परीक्षाओं में 66,439 परीक्षार्थी शामिल होंगे। इनमें हाईस्कूल के 36,701 और इंटरमीडिएट के 29,738 छात्र-छात्राएं परीक्षा देंगे। प्रशासन ने परीक्षाओं को नकलविहीन और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए व्यापक इंतजाम किए हैं। जिला विद्यालय निरीक्षक राकेश कुमार ने बताया कि जिले में कुल 117 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इनमें 16 संवेदनशील और 11 अति संवेदनशील केंद्र चिन्हित किए गए हैं। सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं और प्रवेश द्वार पर पुलिस तलाशी की व्यवस्था रहेगी। मोबाइल फोन और अन्य आईटी गैजेट्स पूरी तरह प्रतिबंधित रहेंगे। परीक्षा केंद्रों के एक किलोमीटर के दायरे में फोटो कॉपी और स्कैनर की दुकानों के संचालन पर भी रोक लगाई गई है। परीक्षा संचालन के लिए जिले को तीन जोन और 15 सेक्टरों में बांटा गया है। राजकीय पुस्तकालय में कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है, जबकि जीआईसी आबूनगर को संकलन केंद्र बनाया गया है। परीक्षा ड्यूटी के लिए 4,067 कक्ष निरीक्षक, 117 स्टेटिक मजिस्ट्रेट, 117 केंद्र व्यवस्थापक और आठ सचल दल तैनात किए गए हैं, जो लगातार निरीक्षण करेंगे। इस बीच, शिक्षकों ने छात्रों को परीक्षा के लिए महत्वपूर्ण सलाह दी है। सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज के शिक्षक पवन कुमार पांडेय ने परीक्षार्थियों को प्रश्नपत्र ध्यान से पढ़कर पहले सरल प्रश्न हल करने की सलाह दी। प्रवक्ता भावना सिंह ने स्पष्ट और शुद्ध लेखन पर जोर दिया, वहीं अर्पित श्रीवास्तव ने समय प्रबंधन, संतुलित आहार और सकारात्मक सोच को सफलता की कुंजी बताया।