भारतीय जनता पार्टी द्वारा संगठन को और सशक्त बनाने के उद्देश्य से 7 मार्च से 14 अप्रैल तक मंडल स्तर पर प्रशिक्षण कार्यशालाओं का आयोजन किया जाएगा। इसकी तैयारियों को लेकर जिला पदाधिकारियों की कार्यशाला पार्टी कार्यालय सहादतगंज सभागार में सम्पन्न हुई। बैठक में संगठनात्मक मजबूती, कार्यशाला की रूपरेखा तथा जिम्मेदारियों के निर्धारण पर विस्तृत चर्चा की गई। क्षेत्रीय महामंत्री एवं महानगर प्रभारी विजय प्रताप सिंह ने कहा कि संगठन की मजबूती का आधार प्रशिक्षित और वैचारिक रूप से प्रतिबद्ध कार्यकर्ता होते हैं। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि प्रशिक्षण कार्यशालाएं कार्यकर्ताओं को न केवल वैचारिक स्पष्टता देंगी, बल्कि उन्हें बूथ स्तर तक संगठन विस्तार और जनसंपर्क अभियान में अधिक प्रभावी बनाएंगी। उन्होंने सभी पदाधिकारियों से अपील की कि निर्धारित समयसीमा में प्रत्येक मंडल में कार्यशालाएं सफलतापूर्वक आयोजित कर संगठन को नई ऊर्जा प्रदान करें। महानगर अध्यक्ष कमलेश श्रीवास्तव ने बताया कि संगठन पर्व तीन चरणों में संपन्न होता है। प्रथम चरण सदस्यता अभियान, द्वितीय चरण पदाधिकारी चयन तथा तृतीय चरण प्रशिक्षण का होता है। इसी क्रम में मंडल स्तर पर प्रशिक्षण कार्यशालाओं का आयोजन सुनिश्चित किया गया है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक मंडल में सात सत्र आयोजित किए जाएंगे, जिनमें संगठन की कार्यप्रणाली, विचारधारा, सोशल मीडिया प्रबंधन, सेवा कार्यों की रूपरेखा और आगामी कार्यक्रमों की रणनीति पर मार्गदर्शन दिया जाएगा। प्रशिक्षण में मंडल के प्रवासी कार्यकर्ता, पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं विभिन्न मोर्चों के अध्यक्ष अनिवार्य रूप से सहभागिता करेंगे। कार्यशाला में जिला पंचायत अध्यक्ष रोली सिंह, महापौर गिरीश पति त्रिपाठी, शक्ति सिंह, तिलकराम मौर्या, प्रतिमा शुक्ला, शशि प्रताप सिंह, शुभम् श्रीवास्तव, हेमंत जायसवाल, रवि सोनकर, अरविंद सिंह, बाल कृष्ण वैश्य, दिव्य प्रकाश तिवारी, रवि शर्मा, सूरज सोनकर, आरिफ अंसारी, आशा गौड, प्रदीप सिंह सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।