ललितपुर जिले के जखौरा विकास खंड के ग्राम सतगता में 50 से अधिक महिलाओं ने शराब की दुकान हटाए जाने की मांग को लेकर जिलाधिकारी कार्यालय पर धरना प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन मंगलवार सुबह करीब 11:30 बजे शुरू हुआ। महिलाएं गांव में खुली देशी शराब की दुकान को हटाने की मांग कर रही थीं। वे जिलाधिकारी से मिलने की जिद पर अड़ी रहीं और कार्यालय के मुख्य द्वार पर बैठ गईं। प्रदर्शन दो घंटे से अधिक समय तक चला। पहले 2 तस्वीरें देखिए… महिलाओं का कहना था कि गांव में शराब की दुकान होने से बच्चों पर बुरा प्रभाव पड़ रहा है। लोगों को आसानी से शराब मिल रही है, जिससे वे जमकर शराब पीते हैं। शराब के नशे में घर पहुंचने पर वे महिलाओं, परिजनों और बच्चों के साथ मारपीट करते हैं। प्रदर्शनकारी महिलाओं को समझाने के लिए आबकारी विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने आश्वासन दिया कि यदि दुकान सरकारी नियमों के अनुसार नहीं खुली है, तो जांच कराकर हटवा दी जाएगी। जिला आबकारी अधिकारी विजय सिद्धांत ने इस संबंध में कहा कि अगर शराब की दुकान किसी स्कूल या मंदिर के पास खुली पाई जाती है, तो उसे तत्काल हटवाया जाएगा।