फर्रुखाबाद के फतेहगढ़ स्थित करिअप्पा ग्राउंड में 17 फरवरी 2026 को पूर्व सैनिक रैली का आयोजन किया गया। राजपूत रेजिमेंटल सेंटर ने वीर नारियों और पूर्व सैनिक समुदाय के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने तथा उनके सहयोग के उद्देश्य से यह रैली आयोजित की। इसकी अध्यक्षता ब्रिगेडियर नाईकल डी सूजा (युद्ध सेना मेडल), समादेशक, राजपूत रेजिमेंटल सेंटर ने की। फर्रुखाबाद जनपद और आसपास के क्षेत्रों से लगभग 500 पूर्व सैनिकों और वीर नारियों ने इस रैली में भाग लिया। वीर नारियों और शौर्य पदक विजेताओं को सम्मानित किया गया। उन्हें सम्मान स्वरूप आवश्यक आर्थिक सहायता भी प्रदान की गई। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य पूर्व सैनिकों, वीर नारियों और उनके आश्रितों तक पहुँचकर उनके कल्याण को सुनिश्चित करना था। रैली में सिविल एवं पुलिस प्रशासन, जिला सैनिक बोर्ड फतेहगढ़, कोषागार कार्यालय, सेना कल्याण नियुक्ति संगठन और सेना डाक कार्यालय जैसे विभिन्न विभागों द्वारा कल्याणकारी स्टॉल लगाए गए। इसके अतिरिक्त, पूर्व सैनिक अंशदायी स्वास्थ्य योजना (ECHS), विभिन्न बैंक और आधार अद्यतन केंद्रों ने भी अपने स्टॉल लगाए। इन स्टॉलों पर पूर्व सैनिकों को विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं, पेंशन संबंधी मामलों और सरकारी पहलों के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई। राजपूत रेजिमेंट ने भारतीय सेना की सभी सशस्त्र सेनाओं और सेवाओं के लिए समर्पित स्टॉल भी स्थापित किए। यहाँ पूर्व सैनिकों और उनके आश्रितों की पेंशन तथा दस्तावेज संबंधी शिकायतों का समाधान किया गया। पेंशन प्रशासन प्रणाली (स्पर्श) पर विस्तृत अभिमुखीकरण सत्र दृश्य-श्रव्य प्रस्तुतियों के माध्यम से आयोजित किए गए। इसके बाद मुख्य अभिलेख अधिकारी, राजपूत रेजिमेंट के साथ एक संवाद सत्र भी हुआ। सैन्य चिकित्सालय, फतेहगढ़ के तत्वावधान में एक चिकित्सा शिविर का भी आयोजन किया गया। इसमें पूर्व सैनिक अंशदायी स्वास्थ्य योजना प्रकोष्ठ और सिविल चिकित्सकों के समन्वय से आवश्यक चिकित्सा सुविधाएँ प्रदान की गईं। रैली का समापन पूर्व सैनिकों और वीर नारियों के साथ व्यक्तिगत संवाद और सामुदायिक भोज के साथ हुआ। यह आयोजन भारतीय सेना के सैनिकों द्वारा युद्ध और शांति दोनों कालों में प्रदर्शित शौर्य, त्याग और समर्पण को नमन करने का एक सच्चा प्रयास था।यह रैली अपने पूर्व सैनिकों के कल्याण और सम्मान के प्रति सेना की अटूट प्रतिबद्धता को पुनः स्थापित करती है।