फिल्म 'Yadav Ji Ki Love Story' का फिरोजाबाद में विरोध:आपत्तिजनक चित्रण पर मुख्यमंत्री को सौंपा ज्ञापन, प्रदर्शन रोकने की मांग
2026-02-17 09:12:31 | Views: 0
फिरोजाबाद में विश्व यादव परिषद ने आगामी 27 फरवरी 2026 को प्रदर्शित होने जा रही फिल्म ‘Yadav Ji Ki Love Story’ के विरोध में मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी के माध्यम से सौंपा। परिषद के प्रदेश अध्यक्ष राहुल यादव एडवोकेट के नेतृत्व में संगठन पदाधिकारियों ने यह ज्ञापन दिया। ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि ओम ठकुरानी प्रोडक्शन प्राइवेट लिमिटेड द्वारा निर्मित इस फिल्म के पोस्टर, ट्रेलर और सोशल मीडिया प्रचार सामग्री में यादव समाज को आपत्तिजनक एवं गलत तरीके से प्रस्तुत किया गया है। परिषद का कहना है कि इससे समुदाय की भावनाएं आहत हुई हैं और विभिन्न क्षेत्रों में रोष व्याप्त है। प्रदेश अध्यक्ष राहुल यादव ने कहा कि यदि बिना जांच के फिल्म का प्रदर्शन किया गया, तो सामाजिक वैमनस्य और तनाव की स्थिति उत्पन्न हो सकती है। उन्होंने आशंका जताई कि इससे विभिन्न समुदायों के बीच शांति भंग होने और कानून-व्यवस्था प्रभावित होने की संभावना है। परिषद ने मांग की है कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर निष्पक्ष जांच कराई जाए तथा जांच पूरी होने तक फिल्म के प्रदर्शन पर रोक लगाने के लिए आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाए। ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया है कि संगठन जांच के लिए आवश्यक साक्ष्य, पोस्टर, सोशल मीडिया लिंक और अन्य सामग्री उपलब्ध कराने को तैयार है। संगठन पदाधिकारियों ने प्रशासन से इस विषय को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र कार्रवाई की मांग की है। वहीं, प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि ज्ञापन प्राप्त हुआ है और प्रकरण का परीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।