पूर्वोत्तर रेलवे लखनऊ जंक्शन से संचालित होने वाली देहरादून वंदे भारत एक्सप्रेस (22545) को जल्द ही चारबाग रेलवे स्टेशन शिफ्ट करने की तैयारी चल रही है। रेलवे प्रशासन इस प्रस्ताव पर गंभीरता से विचार कर रहा है और उच्च अधिकारियों के बीच मंथन जारी है। जल्द ही इस पर अंतिम निर्णय लिया जा सकता है। जंक्शन पर सुबह के समय बढ़ रहा दबाव वर्तमान में लखनऊ जंक्शन से सुबह के समय आनंद विहार डबल डेकर, तेजस एक्सप्रेस और वंदे भारत जैसी महत्वपूर्ण ट्रेनों का एक साथ संचालन होता है। इससे स्टेशन पर यात्रियों की भीड़ और परिचालन दबाव काफी बढ़ जाता है। ऐसे में वंदे भारत को चारबाग शिफ्ट करने से जंक्शन पर यात्रियों का लोड कम होने की उम्मीद है। चारबाग से पहले ही चलती हैं दून की अन्य ट्रेनें देहरादून जाने वाली अधिकांश ट्रेनें जैसे कुंभ एक्सप्रेस, जनता एक्सप्रेस और मुजफ्फरपुर–देहरादून एक्सप्रेस पहले से ही चारबाग स्टेशन से संचालित हो रही हैं। ऐसे में वंदे भारत के भी वहीं से चलने पर यात्रियों को एक ही स्टेशन से बेहतर विकल्प मिल सकेंगे। इससे ट्रांसफर और कनेक्टिविटी भी आसान होगी। धीरे-धीरे अन्य स्टेशनों पर शिफ्ट हो रहीं ट्रेनें रेलवे प्रशासन लखनऊ जंक्शन पर भीड़ कम करने के लिए ट्रेनों को अन्य स्टेशनों पर स्थानांतरित कर रहा है। हाल ही में 26 जनवरी से पुष्पक एक्सप्रेस को गोमतीनगर स्टेशन से संचालित किया जा रहा है। इसी रणनीति के तहत अब वंदे भारत को भी चारबाग भेजने की तैयारी है। वर्तमान में लखनऊ से देहरादून का सफर वंदे भारत एक्सप्रेस करीब साढ़े आठ घंटे में पूरा करती है। यदि यह चारबाग से संचालित होती है तो यात्रियों को सुबह और शाम दोनों समय दून जाने वाली ट्रेनों की बेहतर कनेक्टिविटी मिल सकेगी। रेलवे के उच्च स्तर पर इस प्रस्ताव पर अंतिम मुहर लगना बाकी है।