न्यायिक कर्मी राशिद हुसैन के हत्यारोपियों की गिरफ्तारी की मांग:अमरोहा में 11 जनवरी को हुई थी वारदात, एसपी से मिले परिजन
2026-02-17 09:10:31 | Views: 0
अमरोहा में न्यायिक कर्मी राशिद हुसैन की हत्या के मामले में परिजनों ने फरार आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है। मंगलवार को मृतक के परिजन और अन्य लोग पुलिस अधीक्षक अमित कुमार आनंद से मिले और उन्हें एक शिकायती पत्र सौंपा। राशिद हुसैन की हत्या 11 जनवरी को हुई थी। वह अपनी पत्नी और बच्चों के साथ मुरादाबाद में रिश्तेदारी में जा रहे थे। अमरोहा के डिडौली थाना क्षेत्र में उनकी कार से एक बाइक छू जाने के बाद बाइक सवार युवकों ने अपने साथियों के साथ मिलकर उन्हें कार से बाहर निकाला और पीट-पीटकर हत्या कर दी थी। इस मामले में डिडौली पुलिस ने मुख्य आरोपी कलीम और मोहम्मद शान को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। हालांकि, परिजनों का आरोप है कि कुछ अन्य आरोपी अभी भी फरार हैं। उन्होंने एसपी से इन फरार आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की। पुलिस अधीक्षक अमित कुमार आनंद ने परिजनों को जल्द ही सभी फरार आरोपियों को गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया है।