मुरादाबाद। आगामी रमज़ानुल मुबारक, होली और ईद-उल-फितर के त्योहारों के मद्देनज़र ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) की मुरादाबाद जिला इकाई ने जिलाधिकारी को एक ज्ञापन सौंपा है। इसमें कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ सफाई, पेयजल और बिजली व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की गई है। पार्टी पदाधिकारियों ने बताया कि 19 फरवरी 2026 से रमज़ानुल मुबारक का पवित्र महीना शुरू हो रहा है। इसके बाद 4 मार्च को होली और 21 मार्च को ईद-उल-फितर का पर्व मनाया जाएगा। इन त्योहारों को देखते हुए जनपद में शांति और सौहार्द बनाए रखने के लिए प्रशासन से व्यापक इंतज़ाम करने की अपील की गई है। ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि त्योहारों के दौरान असामाजिक तत्व माहौल खराब करने का प्रयास कर सकते हैं। इसलिए संवेदनशील इलाकों में विशेष निगरानी रखने और अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने की आवश्यकता है। साथ ही, प्रदेश स्तर पर सख्त दिशा-निर्देश जारी कर शांति व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की गई है। एआईएमआईएम ने नगर की सड़कों को गड्ढा मुक्त करने, नालियों और गलियों की नियमित सफाई कराने तथा पेयजल आपूर्ति को सुचारु रखने की मांग भी उठाई। पार्टी का कहना है कि त्योहारों के दौरान बड़ी संख्या में लोग इबादत और आयोजनों में शामिल होते हैं, ऐसे में साफ-सफाई और मूलभूत सुविधाओं का बेहतर होना आवश्यक है। इसके अतिरिक्त, आने वाले दिनों में बढ़ती गर्मी को ध्यान में रखते हुए सेहरी और इफ्तार के समय निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने, पथ प्रकाश व्यवस्था सुधारने और किसी भी प्रकार की बिजली कटौती से बचने की अपील की गई है। पार्टी पदाधिकारियों ने विश्वास व्यक्त किया कि यदि प्रशासन समय रहते आवश्यक कदम उठाता है, तो दोनों समुदायों के त्योहार आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ संपन्न होंगे।