बंदूक की नोक पर बार-बालाओं को पैसे देने का VIDEO:गोंडा में लाइसेंसी हथियार के दुरुपयोग का आरोप; आयोजक से पूछताछ, कार्रवाई की तैयारी
2026-02-17 09:33:07 | Views: 0
जिले के मोतीगंज थाना क्षेत्र के किशुन पुरवा गांव में आयोजित एक तिलक समारोह का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। वीडियो में बार-बालाओं को बंदूक की नोक पर पैसे दिए जाते दिख रहे हैं, जिसके बाद पूरे मामले ने तूल पकड़ लिया है। बताया जा रहा है कि यह कार्यक्रम नकछेद मिश्रा के पुत्र कबीर मिश्रा उर्फ यश के तिलक उत्सव का था। आरोप है कि परसपुर थाना क्षेत्र से आए लड़की पक्ष के कुछ लोगों ने समारोह के दौरान हथियार का प्रदर्शन किया। वायरल वीडियो में एक युवक हाथ में बंदूक लेकर उसकी नोक पर 10 रुपये का नोट लगाता है और फिर बार-बालाओं को देता दिखाई दे रहा है। नोट लेने के बाद बार-बालाएं डांस करती नजर आ रही हैं। लाइसेंसी हथियारों के दुरुपयोग पर उठे सवाल घटना सामने आने के बाद लाइसेंसी हथियारों के उपयोग को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। आम तौर पर हथियार आत्मरक्षा के लिए जारी किए जाते हैं, लेकिन सार्वजनिक आयोजनों में इस तरह के प्रदर्शन को नियमों के विरुद्ध माना जा रहा है। पुलिस ने लिया संज्ञान, जांच शुरू वीडियो वायरल होने के बाद मोतीगंज थाना पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए जांच शुरू कर दी है। पुलिस टीम गांव पहुंचकर कार्यक्रम के आयोजक नकछेद मिश्रा से पूछताछ कर रही है और वीडियो की सत्यता की जांच की जा रही है। थाना अध्यक्ष बोले—जांच के बाद होगी कार्रवाई थाना अध्यक्ष अरविंद कुमार यादव ने बताया कि वायरल वीडियो के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि जांच के निष्कर्षों के आधार पर आगे आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिसकर्मियों को मौके पर भेजकर पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटाई जा रही है।