झांसी में आबकारी अधिकारी से ठेकेदार का झगड़ा हुआ,VIDEO:युवक बोला-हाईकोर्ट के आदेश के खिलाफ हाइवे पर शराब की दुकान क्यों चलवा रहे,जवाब दो
February 19, 2026 | Uttar Pradesh
झांसी। शहर में आबकारी विभाग की बैठक उस समय हंगामे में बदल गई जब एक युवक ने अधिकारियों पर मिलीभगत और नियमों के उल्लंघन के गंभीर आरोप लगा दिए। आरोप-प्रत्यारोप के बीच माहौल इतना गरमा गया कि पुलिस को मौके पर बुलाना पड़ा। पूरी घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। मामला बुधवार का बताया जा रहा है। दरअसल, आबकारी विभाग की ओर से शराब ठेकेदारों की बैठक एक स्थानीय होटल में बुलाई गई थी। बैठक में आबकारी अधिकारी शिशुपाल मौजूद थे। उन्होंने निविदा प्रक्रिया की बारीकियां समझाने के बाद कहा कि यदि किसी को कोई समस्या हो तो वह सवाल पूछ सकता है।
इसी दौरान एक युवक खड़ा हुआ और आधी रात में निविदा जारी कर सुबह प्रक्रिया शुरू करने पर सवाल उठाने लगा। युवक ने आरोप लगाया कि प्रक्रिया पारदर्शी नहीं है। अधिकारी ने जवाब दिया कि यदि कोई शिकायत है तो उसकी जांच कराई जाएगी।
इसके बाद युवक, जिसकी पहचान सोमेश शिवहरे के रूप में हुई, ने अपनी दुकान का मुद्दा उठाया। उसका कहना था कि उसकी भाभी लाइसेंसी हैं और उनकी दुकान दिगार क्षेत्र में थी, जो नगर निगम क्षेत्र में आता है। युवक ने आरोप लगाया कि विभाग ने अचानक सूचना जारी कर दुकान को ग्रामीण क्षेत्र में दर्शा दिया।
जब अधिकारी ने उससे पूछा कि क्या वह अनुज्ञापि है, तो युवक ने कहा कि लाइसेंस उसकी भाभी के नाम है और उसे बैठक में शामिल होने का अधिकार है। इस पर दोनों के बीच तीखी नोकझोंक शुरू हो गई। युवक ने आगे आरोप लगाया कि कई जगह स्टेट हाईवे पर दुकानें एक साल से संचालित हो रही हैं और विभाग हाईकोर्ट के आदेश का उल्लंघन कर रहा है। उसने यहां तक आरोप लगाया कि क्या पैसे लेकर हाईवे पर दुकानें चलवाई जा रही हैं।
युवक के इस आरोप पर अधिकारी भड़क गए और दोनों के बीच जोरदार बहस होने लगी। मामला बढ़ता देख पुलिस को बुलाना पड़ा। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद विभागीय कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं।