शाहजहांपुर में सट्टा लिखते व्यक्ति का वीडियो:राह चलते पुलिस पकड़कर कार्रवाई का करती दावा, घरों में बेखौफ चल रहा अवैध कारोबार
2026-02-17 09:29:15 | Views: 0
शाहजहांपुर में सट्टा लिखे जाने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। यह वीडियो चौक कोतवाली क्षेत्र के विसरात रोड का बताया जा रहा है। इसमें एक व्यक्ति घर के अंदर बेखौफ होकर सट्टा लिखता दिख रहा है, जबकि पुलिस राह चलते सट्टा लिखने वालों पर कार्रवाई का दावा करती है। वायरल हुए 16 सेकंड के इस वीडियो में एक व्यक्ति कुर्सी पर बैठा है और सामने स्टूल पर डायरी रखकर पेन से नंबर लिख रहा है। आसपास कई लोग खड़े दिखाई दे रहे हैं। बताया जा रहा है कि शहर में एक बार फिर सट्टे का अवैध कारोबार सक्रिय हो गया है, जिससे युवा अपनी कमाई गंवा रहे हैं। गौरतलब है कि तत्कालीन एसपी एस आनंद के कार्यकाल में सट्टे के अवैध कारोबार पर पूरी तरह अंकुश लगा दिया गया था। उस समय 'सट्टा किंग' कहे जाने वाले को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया था। अब वही सट्टा फिर से शहर की गलियों में सक्रिय किया जा रहा है, जहां कागजों पर नंबर लिखकर लोगों को बर्बाद किया जा रहा है। सूत्रों के अनुसार, गली-गली में सट्टा लिखने वालों को ठेके दिए गए हैं। आरोप है कि पुलिस के कुछ नुमाइंदे भी इस अवैध कारोबार को बढ़ावा देने में लगे हैं। थाना सदर बाजार, चौक कोतवाली, थाना आरसी मिशन और थाना रोजा क्षेत्रों में सट्टा लिखने वालों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। जिसकी रूपरेखा एक पाॅश कालोनी में तैयार की जाती है। इस वीडियो के वायरल होने के बाद सट्टे के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई के दावे खोखले साबित हुए हैं। बताया जा रहा है कि सट्टा कराने वालों की जड़ें काफी गहरी हैं, जिससे यह अवैध धंधा बेरोकटोक जारी है। चौक कोतवाली इंस्पेक्टर अश्वनी कुमार ने बताया कि वायरल वीडियो संज्ञान में आया है। बेरी चौकी प्रभारी को जांच कर कार्रवाई के लिए निर्देशित किया गया है।